बिहार बंद के बीच सीवान में ट्रैफिक पर पुलिस का कंट्रोल, एसपी ने लागू किया वैकल्पिक रूट प्लान
सीवान, 25 जुलाई (हि.स.)। बिहार बंद के दौरान जेपी चौक पर प्रदर्शनकारियों द्वारा सड़क जाम किए जाने के बाद सीवान पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था को प्रभावित नहीं होने दिया। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के निर्देश पर तत्काल वैकल्पिक रूट प्लान लागू किया गया, जिससे शहर में यातायात सामान्य बनाए रखने का प्रयास किया गया।
एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि बिहार बंद के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जेपी चौक पर सड़क अवरुद्ध किए जाने के कारण आम लोगों को परेशानी से बचाने के लिए पुलिस ने तुरंत वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था लागू की। उन्होंने कहा कि सभी छोटे वाहनों को पुलिस की निगरानी और सहयोग से सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सभी चारपहिया एवं बड़े वाहनों को गोपालगंज मोड़ से बैसाखी मोड़ और तरवारा मोड़ होते हुए उनके गंतव्य की ओर भेजा जा रहा है। वहीं गोपालगंज मोड़ की ओर आने वाले बड़े वाहनों को तरवारा मोड़ एवं बैसाखी मोड़ होते हुए बाईपास मार्ग से डायवर्ट किया गया है।
एसपी ने कहा कि रेलवे स्टेशन जाने वाले सभी वाहनों के लिए ओवरब्रिज मार्ग का उपयोग अनिवार्य किया गया है ताकि स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पूरन कुमार झा ने आम नागरिकों से अपील की कि वे पुलिस द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें, यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था और यातायात को पूरी तरह सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है तथा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

