नगर परिषद में सफाईकर्मी को नोटिस, संविदा रद्द करने की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
नगर परिषद में सफाईकर्मी को नोटिस, संविदा रद्द करने की चेतावनी


सीवान, 12 मई (हि.स.)। नगर परिषद सीवान में कार्यरत एक दैनिक सफाईकर्मी को सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों में कथित बयानबाजी को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। सीवान नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी की ओर से जारी पत्र में कर्मचारी पर उच्च अधिकारियों के संबंध में आपत्तिजनक एवं अनर्गल बयान देने का आरोप लगाया गया है।

जारी पत्र के अनुसार, मानवबल उपलब्ध कराने वाली एजेंसी “सर्जिकल सेक्युरिटी एण्ड कन्सलटेंसी प्रा. लि.” के आवेदन के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। नोटिस में कहा गया है कि सफाईकर्मी जाफर अली द्वारा दिए गए बयान सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों में व्यापक रूप से प्रसारित हुए, जिससे प्रशासनिक छवि धूमिल हुई है तथा सरकारी कार्यों की गरिमा प्रभावित हुई है।

नगर परिषद प्रशासन ने इसे सेवा अनुशासन, संविदा की शर्तों और शासकीय मर्यादा के प्रतिकूल बताया है। पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि संबंधित कर्मी 24 घंटे के भीतर अपने बयान के समर्थन में तथ्यात्मक साक्ष्य एवं स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार अनुशासनिक कार्रवाई करते हुए संविदा रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

इस नोटिस के बाद नगर परिषद में चर्चाओं का माहौल गर्म हो गया है। मामले को लेकर कर्मचारियों और प्रशासन के बीच तनाव की स्थिति भी देखी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story