महावीरी मेले को लेकर शहर में फ्लैग मार्च, डीएम-एसपी ने पैदल घूमकर लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

WhatsApp Channel Join Now
महावीरी मेले को लेकर शहर में फ्लैग मार्च, डीएम-एसपी ने पैदल घूमकर लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा


महावीरी मेले को लेकर शहर में फ्लैग मार्च, डीएम-एसपी ने पैदल घूमकर लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा


सीवान, 03 सितंबर (हि.स.)। महावीरी अखाड़े और मेले को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार की देर रात निकलने वाले महावीरी अखाड़े के जुलूस और रविवार की सुबह से आयोजित होने वाले मेले को लेकर गुरुवार को शहर में प्रशासन और पुलिस की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया।

जिलाधिकारी विकास कुमार मीणा और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी के नेतृत्व में निकले फ्लैग मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल हुए।समाहरणालय परिसर से निकला फ्लैग मार्च जेपी चौक, शास्त्री नगर, नया किला, पुरानी किला, स्टेशन रोड, शहीद मार्ग, बबुनिया रोड, बड़हरिया स्टैंड समेत शहर के प्रमुख मार्गों और मोहल्लों से गुजरा। जुलूस के दौरान पुलिस के सायरन और जवानों की कदमताल से शहर का माहौल पूरी तरह पुलिस छावनी जैसा नजर आया। फ्लैग मार्च को देखने के लिए सड़क किनारे और घरों की छतों पर लोगों की भीड़ जुट गयी।

महावीरी अखाड़े के निर्धारित रूट से जब डीएम, एसपी और पुलिस के जवान गुजरे तो कई स्थानों पर लोग अपने घरों से बाहर निकलकर फ्लैग मार्च देखने लगे। अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों और जुलूस मार्ग का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए। फ्लैग मार्च के माध्यम से प्रशासन ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देने का प्रयास किया। प्रशासन ने महावीरी मेले के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए कई प्रतिबंध भी लगाए हैं। अखाड़े के मेले में ऑर्केस्ट्रा के आयोजन पर पूरी तरह रोक रहेगी। पूजा समितियों को डीजे बजाने और अश्लील गीतों का प्रसारण करने की भी अनुमति नहीं होगी।

प्रशासन ने अखाड़ा समितियों और आम लोगों से निर्धारित नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की है। शुक्रवार की देर रात से महावीरी अखाड़े का जुलूस निकाला जाएगा, जबकि रविवार की सुबह से विभिन्न स्थानों पर महावीरी मेले का आयोजन होगा। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती के साथ प्रशासनिक स्तर पर भी निगरानी की व्यवस्था की गयी है।

फ्लैग मार्च में एसडीपीओ सदर अजय कुमार सिंह, नगर थाना इंस्पेक्टर अविनाश कुमार, सराय थानाध्यक्ष विकास कुमार बिट्टू, महादेवा थानाध्यक्ष विनीत विनायक, मुफस्सिल थानाध्यक्ष उपेंद्र सिंह समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story