सीवान जिले के मैरवा की बेटियों ने फुटबॉल में लहराया परचम, बिहार चैंपियन बनी सारण प्रमंडल की टीम

WhatsApp Channel Join Now
सीवान जिले के मैरवा की बेटियों ने फुटबॉल में लहराया परचम, बिहार चैंपियन बनी सारण प्रमंडल की टीम


सीवान, 04 नवंबर (हि.स.)। बिहार में सीवान जिले के मैरवा की बेटियों ने एक बार फिर फुटबॉल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। समस्तीपुर में आयोजित बिहार राज्य अंतर प्रमंडल विद्यालय खेल प्रतियोगिता की अंडर-17 बालिका फुटबॉल चैंपियनशिप में सारण प्रमंडल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया।

फाइनल मुकाबले में सारण की टीम ने तिरहुत प्रमंडल को 1-0 से पराजित कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इस जीत में सीवान की आठ खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा, जिनमें रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स एकेडमी, मैरवा की छह प्रशिक्षु खिलाड़ी शामिल थीं। समस्तीपुर में एक से छह नवंबर 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में सारण प्रमंडल की टीम ने शुरुआत से ही बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।

फाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल, मजबूत रक्षापंक्ति और आक्रामक खेल के दम पर तिरहुत प्रमंडल को कोई मौका नहीं दिया। निर्णायक गोल के साथ टीम ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स एकेडमी के मुख्य कोच संजय पाठक ने बताया कि टीम में शामिल एकेडमी की छह चयनित खिलाड़ी उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बिलासपुर की छात्राएं हैं। इन खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल और मेहनत से जिले का नाम रोशन किया है।

प्रतियोगिता में व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर भी सीवान की बेटियों ने अपनी पहचान बनायी। अंशु कुमारी को चैंपियनशिप की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार मिला, जबकि खुशबू कुमारी को सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर चुना गया। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि ने टीम की जीत में चार चांद लगा दिये।

सारण प्रमंडल की इस शानदार सफलता पर सीवान जिला खेल पदाधिकारी उपेंद्र कुमार यादव, डॉ. शशिभूषण सिन्हा, डॉ. शरद चौधरी, प्राचार्य राजकुमार सिंह, दिनेश कुमार और राजीव लोचन मिश्रा सहित कई लोगों ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और विद्यालय परिवार को बधाई दी है। मैरवा की बेटियों की यह उपलब्धि न सिर्फ जिले के लिए गौरव की बात है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को उचित प्रशिक्षण और अवसर मिलने पर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की संभावनाओं का भी प्रमाण है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story