अंडर-18 बालिका रग्बी फुटबॉल चैंपियनशिपः पूजा कुमारी के नेतृत्व में उतरेगी सीवान की टीम

WhatsApp Channel Join Now
अंडर-18 बालिका रग्बी फुटबॉल चैंपियनशिपः पूजा कुमारी के नेतृत्व में उतरेगी सीवान की टीम


सीवान, 05 जून (हि.स.)। बिहार राज्य रग्बी फुटबॉल संघ द्वारा नवादा के श्रीकृष्ण स्टेडियम में 6 एवं 7 जून को आयोजित होने वाली अंडर-18 बालिका रग्बी फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए सीवान जिला टीम की घोषणा कर दी गई है। टीम की कमान प्रतिभावान खिलाड़ी पूजा कुमारी को सौंपी गई है।

सीवान जिला रग्बी फुटबॉल संघ के सचिव संतोष कुमार सिंह ने रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स एकेडमी के खेल मैदान में आयोजित चयन ट्रायल के आधार पर बेहतर प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों का चयन किया। चयनित 12 सदस्यीय टीम शुक्रवार को नवादा के लिए रवाना हो गई।

टीम में कप्तान पूजा कुमारी के अलावा संजना कुमारी, शालू कुमारी, शालू भारती, प्रियंका उर्फ स्वीटी कुमारी, संगीता कुमारी, गूंजा कुमारी, अंजू कुमारी, संध्या कुमारी एवं अल्का कुमारी को शामिल किया गया है। टीम के साथ आशीष कुमार पांडेय को मैनेजर तथा विवेक कुमार सिंह को कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

रवाना होने से पूर्व खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए संघ के पदाधिकारियों ने बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि सीवान की टीम चैंपियनशिप में दमदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेगी।

नवादा में आयोजित होने वाली यह राज्यस्तरीय प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी। प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों की टीमें भाग लेंगी, जिससे मुकाबला काफी रोमांचक होने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story