प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच आस्था के रंग में रंगे डीएम विजय प्रकाश मीणा, माथे पर दउरा लेकर पहुंचे छठ घाट

WhatsApp Channel Join Now
प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच आस्था के रंग में रंगे डीएम विजय प्रकाश मीणा, माथे पर दउरा लेकर पहुंचे छठ घाट


प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच आस्था के रंग में रंगे डीएम विजय प्रकाश मीणा, माथे पर दउरा लेकर पहुंचे छठ घाट


सीवान, 15 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ की महिमा ही ऐसी है कि आम से लेकर खास तक हर कोई भगवान भास्कर की आराधना में लीन नजर आता है।

आस्था, समर्पण और पवित्रता के इस महापर्व में सीवान के जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा भी पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ शामिल हुए। उन्होंने छठ व्रत रखकर उपवास किया और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान सूर्य की उपासना की।

रविवार की शाम डीएम विजय प्रकाश मीणा माथे पर पूजन सामग्री से सजा दउरा लेकर छठ घाट पहुंचे। इस दौरान उनकी सादगी और श्रद्धा लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। घाट पर पहुंचकर उन्होंने विधि-विधान से अस्ताचलगामी सूर्य यानी डूबते हुए भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मइया की आराधना की।

प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन के साथ लोक आस्था के इस महान पर्व में उनकी सहभागिता ने एक अलग ही तस्वीर पेश की। माथे पर दउरा लेकर घाट तक पहुंचना इस बात का प्रतीक बना कि छठ महापर्व में पद और प्रतिष्ठा से ऊपर आस्था, समर्पण और परंपरा का स्थान है।

दरअसल, छठ केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, परिवार की सुख-समृद्धि और लोकमंगल की कामना का महापर्व है। इसमें व्रती कठिन तप, उपवास और पूरी पवित्रता के साथ भगवान सूर्य एवं छठी मइया की उपासना करते हैं। जाति, वर्ग और पद का भेद भुलाकर हर कोई एक साथ घाट पर खड़ा होकर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करता है।

सीवान में भी छठ की छटा देखते ही बन रही है। घाटों पर गूंजते पारंपरिक छठ गीत, दीपों की रोशनी और व्रतियों की अटूट श्रद्धा से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777689 Articles

Share this story