सीवान के लाल ने कैट परीक्षा में 99.37 परसेंटाइल हासिल कर आईआईएम मुंबई में बनाया स्थान

WhatsApp Channel Join Now
सीवान के लाल ने कैट परीक्षा में 99.37 परसेंटाइल हासिल कर आईआईएम मुंबई में बनाया स्थान


सीवान, 03 जून (हि.स.)। प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदार हो तो सफलता खुद कदम चूमती है। इसे सच साबित कर दिखाया है सीवान जिले के बड़हरिया प्रखंड के सुरहिया गांव निवासी एसरारुल हक उर्फ डीजू के पुत्र एहतेशामुल हक ने। जिन्होंने देश की प्रतिष्ठित प्रबंधन प्रवेश परीक्षा कैट में 99.37 परसेंटाइल हासिल कर आईआईएम मुंबई के एमबीए प्रोग्राम में नामांकन प्राप्त किया है।

एहतेशामुल हक जिले के बड़हरिया प्रखंड अंतर्गत सुरहिया गांव के निवासी हैं। उनके पिता एसरारुल हक उर्फ डीजू स्वास्थ्य विभाग से जुड़े रहे हैं और हुसैनगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सीवान में स्वास्थ्य प्रबंधक के पद पर हैं। उनकी माता जाहिदा खातून एक शिक्षिका हैं और वर्तमान में मध्य विद्यालय सीवान में कार्यरत हैं।

एहतेशामुल हक की प्रारंभिक शिक्षा डीएवी पब्लिक स्कूल, कबीरपुर सीवान से हुई, जहां से उन्होंने वर्ष 2018 में हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद वर्ष 2020 में इकरा पब्लिक स्कूल, सीवान से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने आरवी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग , बेंगलुरु से वर्ष 2024 में बीटेक की डिग्री प्राप्त की। इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद एहतेशामुल हक ने अमेरिका आधारित बहुराष्ट्रीय दवा कंपनी एली लिली के बेंगलुरु कार्यालय में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में अपनी पहचान बनाई। नौकरी के साथ-साथ उन्होंने कैट परीक्षा की तैयारी जारी रखी और शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.37 परसेंटाइल हासिल कर देश के शीर्ष प्रबंधन संस्थानों में शुमार आईआईएम मुंबई में प्रवेश सुनिश्चित किया।

एहतेशामुल हक की इस उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे जिले में खुशी की लहर है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने इसे सीवान के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि छोटे गांवों से निकलकर भी युवा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story