सीवान जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में 79 फीसदी मतदान, 999 अधिवक्ताओं ने डाले वोट

WhatsApp Channel Join Now
सीवान जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में 79 फीसदी मतदान, 999 अधिवक्ताओं ने डाले वोट


सीवान, 31 अगस्त (हि.स.)। जिला अधिवक्ता संघ सीवान के सत्र 2026-28 के चुनाव को लेकर सोमवार को सिविल कोर्ट परिसर स्थित अधिवक्ता संघ भवन में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

कुल 1,255 अधिवक्ता मतदाताओं में से 999 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह चुनाव में 79.60 फीसदी मतदान हुआ।

मतदान समाप्त होने के साथ ही विभिन्न पदों के प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य मतपेटियों में बंद हो गया। अब मंगलवार की सुबह मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे। मतदान के लिए अधिवक्ता संघ भवन में तीन मतदान केंद्र बनाए गए थे।

बूथ संख्या एक पर 366, बूथ संख्या दो पर 344 और बूथ संख्या तीन पर 289 अधिवक्ताओं ने मतदान किया। मतदान सुबह 10:30 बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक चला। मतदान समाप्त होते ही तीनों बूथों की मतपेटियों को चुनाव पदाधिकारियों की देखरेख में सील कर सुरक्षित रख दिया गया।

मतपेटियों को सील करने की प्रक्रिया में विभिन्न प्रत्याशियों ने भी अपने हस्ताक्षर किए। सुबह से ही अधिवक्ता संघ भवन में चुनाव को लेकर गहमागहमी बनी रही। अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए अधिवक्ता मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचे और कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया।

चुनाव मैदान में विभिन्न पदों के लिए उतरे प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। मतदान केंद्रों के बाहर प्रत्याशियों की ओर से कैंप लगाए गए थे, जहां समर्थक मतदाताओं से संपर्क करते नजर आए। चुनाव को देखते हुए सिविल कोर्ट परिसर में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

मतदान केंद्रों के आसपास पुलिस बल की तैनाती रही। चुनाव पदाधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए रखी, जिसके कारण मतदान निर्धारित समय में बिना किसी अप्रिय घटना के संपन्न हो गया।

मुख्य चुनाव पदाधिकारी शिवनाथ सिंह और चुनाव पदाधिकारी रवीन्द्रनाथ वर्मा ने बताया कि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति सामने नहीं आई। तीनों बूथों की मतपेटियों को सील कर सुरक्षित स्थान पर रखा गया है।

मंगलवार की सुबह निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतगणना शुरू होगी। मतगणना पूरी होने के बाद विभिन्न पदों पर निर्वाचित उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जाएगी। मतदान के बाद अब प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की निगाहें मंगलवार को होने वाली मतगणना पर टिक गई हैं।

999 मतदाताओं के मतों से किसके सिर सजेगा जीत का ताज और किसे मिलेगी हार—इसका फैसला मतगणना के बाद होगा। परिणाम को लेकर अधिवक्ताओं के बीच भी उत्सुकता बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story