सीवान में पटाखों के अवैध कारोबार पर प्रशासन सख्त, दो दिवसीय जांच अभियान शुरू
सीवान, 24 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहारों के दौरान पटाखों के अवैध कारोबार और सुरक्षा संबंधी जोखिमों को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है।
जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने 24 और 25 अक्टूबर को जिले में दो दिवसीय विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया है। इसके तहत जिले के सभी अंचलाधिकारियों (सीओ) और थानाध्यक्षों को पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री से जुड़े कारोबारियों की जांच करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया है।
जिला जनसंपर्क शाखा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, डीएम और एसपी की संयुक्त अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक हुई। इसमें पटाखों के निर्माण, बिक्री और उपयोग को लेकर माननीय उच्च न्यायालय एवं सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया।
अभियान के दौरान पटाखे बनाने वालों के साथ थोक और खुदरा विक्रेताओं की भी जांच की जाएगी। अधिकारियों को यह पता लगाने का निर्देश दिया गया है कि संबंधित कारोबारियों के पास वैध अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) है या नहीं। बिना वैध लाइसेंस पटाखों का कारोबार करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रेस विज्ञप्ति में जारी निर्देशों के अनुसार, पटाखे फोड़ने के लिए रात आठ बजे से साढ़े आठ बजे तक का समय निर्धारित बताया गया है। इसमें केवल हरित पटाखों के उपयोग की अनुमति का उल्लेख किया गया है। प्रशासन ने प्रतिबंधित पटाखों के इस्तेमाल पर रोक के अनुपालन की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी है। जांच के दौरान अवैध बारूद या पटाखे मिलने पर उन्हें जब्त कर सुरक्षित तरीके से निस्तारित कराने का निर्देश दिया गया है।
विज्ञप्ति के मुताबिक, संबंधित विक्रेता के माध्यम से निस्तारण कराने की बात कही गई है। उसके सहयोग नहीं करने पर प्रशासन सुरक्षित स्थान चिह्नित कर निस्तारण सुनिश्चित करेगा।
प्रशासन ने रिहायशी क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पटाखों की बिक्री नहीं करने का निर्देश दिया है। ऐसे स्थानों पर बिक्री होते पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध स्थानीय थाने में नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने दुकानदारों, आयोजकों और आम नागरिकों से न्यायालय के निर्देशों एवं प्रशासनिक आदेशों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों के दौरान लोगों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

