नेपाल की बाढ़ में अपनों की तलाश? सीवान प्रशासन ने खोली 24 घंटे की हेल्पलाइन, दूतावास के नंबर भी जारी

WhatsApp Channel Join Now

सीवान, 28 अगस्त (हि.स.)।

नेपाल में आई आकस्मिक बाढ़ के बीच सीवान जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए नेपाल में फंसे, प्रभावित अथवा लापता जिले के पर्यटकों और नागरिकों की सहायता के लिए 24 घंटे हेल्पलाइन सेवा शुरू की है।

ऐसे लोगों के परिजन, जिन्हें नेपाल में मौजूद अपने परिवार के सदस्यों या परिचितों से संपर्क नहीं हो पा रहा है, वे तत्काल जिला प्रशासन को सूचना दे सकते हैं। जिला प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, जिला हेल्पलाइन एवं जिला आपातकालीन संचालन केंद्र, सीवान के नंबर 06154-242000 और व्हाट्सऐप नंबर 9473328100 पर संपर्क किया जा सकता है।

इसके अलावा राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र, बिहार के 1070, 0612-2294204 और 0612-2294205 नंबर भी जारी किए गए हैं। नेपाल में मौजूद भारतीय नागरिकों की सहायता एवं सूचना के लिए भारतीय दूतावास, नेपाल के आपातकालीन नंबर +977 985 131 6807, +977 970 910 7500 और +977 981 032 6117 पर संपर्क किया जा सकता है।

इन नंबरों पर व्हाट्सऐप के माध्यम से भी सूचना दी जा सकती है। हेल्पलाइन पर सूचना देते समय प्रभावित या लापता व्यक्ति का पूरा नाम, मोबाइल नंबर, उम्र, पहचान संबंधी विवरण, नेपाल में आखिरी ज्ञात स्थान, नेपाल जाने की तिथि, यात्रा का उद्देश्य एवं गंतव्य की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है।

इसके साथ टूर ऑपरेटर या ट्रैवल एजेंसी का नाम व संपर्क नंबर, साथ यात्रा कर रहे अन्य लोगों के नाम व मोबाइल नंबर, अंतिम बार संपर्क होने का समय और माध्यम तथा वाहन, बस या टूर ग्रुप की जानकारी भी साझा की जा सकती है। उपलब्ध होने पर फोटो, पहचान पत्र अथवा अन्य दस्तावेज भी दिए जा सकते हैं। जिला प्रशासन ने परिजनों से घबराने के बजाय धैर्य बनाए रखने और केवल सही एवं सत्यापित जानकारी साझा करने की अपील की है। यदि किसी ऐसे व्यक्ति के सुरक्षित होने की सूचना मिलती है, जिसके संबंध में पहले लापता होने की जानकारी दी गई थी, तो इसकी सूचना भी जिला प्रशासन को देने को कहा गया है, ताकि प्राप्त सूचनाओं का सत्यापन एवं संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय किया जा सके।

प्रशासन ने कहा है कि नेपाल में उत्पन्न स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा प्रभावित लोगों की सहायता के लिए राज्य एवं केंद्रीय एजेंसियों के साथ आवश्यक समन्वय किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story