बाढ़ के पानी में मिली अज्ञात मछलियों से रहें सावधान, सीवान प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

WhatsApp Channel Join Now

सीवान, 31 अगस्त (हि.स.)। नेपाल की ओर से बाढ़ के पानी के साथ बिहार के कुछ क्षेत्रों में पहुंची अज्ञात एवं असामान्य मछलियों को लेकर सीवान जिला प्रशासन ने आम लोगों को सतर्क किया है।

प्रशासन ने लोगों से ऐसी मछलियों का सेवन नहीं करने और बिना पहचान व संबंधित विभाग की पुष्टि के किसी भी अपरिचित मछली को खाने योग्य नहीं मानने की अपील की है।

डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, बिहार सरकार के मत्स्य प्रभाग की ओर से जारी एडवाइजरी के आधार पर जिला प्रशासन ने यह सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग को नेपाल से बाढ़ के पानी के साथ बिहार के कुछ क्षेत्रों में अज्ञात और असामान्य प्रकार की मछलियों के पहुंचने की सूचना मिली है। ऐसी मछलियों के सेवन के बाद कुछ लोगों के बीमार पड़ने की भी जानकारी सामने आई है।

प्रशासन के अनुसार, बाढ़ के दौरान तालाबों, नदियों, झीलों और अन्य जलाशयों से मछलियां निकलकर पानी के साथ दूर-दूर तक फैल जाती हैं। बाढ़ का पानी गंदी नालियों, मृत जानवरों और अन्य दूषित पदार्थों के संपर्क में रहता है, जिससे उसमें मौजूद मछलियां जीवाणु, विषाणु और कवक आदि से प्रदूषित हो सकती हैं।

ऐसी स्थिति में बाढ़ के पानी से पकड़ी गई मछलियों का सेवन स्वास्थ्य के लिए प्रतिकूल हो सकता है। जिला प्रशासन ने लोगों से बाढ़ के पानी से पकड़ी गई अज्ञात अथवा असामान्य दिखने वाली मछलियों को खरीदने-बेचने और खाद्य उपयोग में लाने से बचने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि जब तक जल एवं वातावरण की स्थिति सामान्य नहीं हो जाती और प्राकृतिक रूप से गंदगी व रोग फैलाने वाले कारक समाप्त नहीं हो जाते, तब तक बाढ़ के पानी से पकड़ी गई मछलियों के सेवन से बचना जरूरी है।

प्रशासन ने यह भी कहा है कि यदि ऐसी मछली खाने के बाद किसी व्यक्ति को उल्टी, दस्त, पेट दर्द, चक्कर, सांस लेने में कठिनाई अथवा अन्य असामान्य लक्षण दिखाई दें तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में चिकित्सकीय परामर्श लें। कहीं ऐसी अज्ञात या असामान्य मछली मिलने पर संबंधित जिला मत्स्य पदाधिकारी या स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई है।

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अपरिचित मछलियों के सेवन से पूरी तरह बचने को कहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story