किशनगंज में अपराध पर लगाम कसने को एसआईआरटी का गठन

WhatsApp Channel Join Now
किशनगंज में अपराध पर लगाम कसने को एसआईआरटी का गठन


किशनगंज, 27 अप्रैल (हि.स.)। जिले में बढ़ते संगठित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने स्पेशल इंटेलिजेंट रेडिंग टीम (एसआईआरटी) का गठन किया है।

यह विशेष टीम खुफिया सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों पर नकेल कसेगी। एसपी संतोष कुमार ने बताया कि एसआईआरटी को खास तौर पर प्रशिक्षित किया गया है, जो जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में गुप्त रूप से निगरानी रखेगी और सूचना मिलते ही छापेमारी कर अपराधियों को गिरफ्तार करेगी।

गिरफ्तारी के बाद अभियुक्तों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए संबंधित थाने को सौंपा जाएगा, जिससे कार्रवाई में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि टीम का मुख्य फोकस अवैध बालू खनन, इंट्री माफिया, मादक पदार्थ तस्करी और लंबे समय से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी पर रहेगा। इसके साथ ही अंतर-जिला एवं अंतरराज्यीय गिरोहों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी।

एसपी ने बताया कि टीम को आधुनिक तकनीकी सहायता, संचार उपकरण और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि कार्रवाई में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने विश्वास जताया कि एसआईआरटी के सक्रिय होने से अपराधियों में भय का माहौल बनेगा और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इस पहल से जिले में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होने की उम्मीद जताई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story