सिमराही में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को विरोध का सामना

WhatsApp Channel Join Now
सिमराही में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को विरोध का सामना


सिमराही में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को विरोध का सामना


सुपौल, 26 अप्रैल (हि.स.)। जिले के नगर पंचायत सिमराही के वार्ड संख्या 3 में रविवार को न्यायालय के आदेश के तहत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।

दोपहर करीब डेढ़ बजे प्रशासन की तीन सदस्यीय टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जमीन को खाली कराने की प्रक्रिया आरंभ की। हालांकि, कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों के विरोध के कारण प्रशासन को अभियान बीच में ही रोकना पड़ा। मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी देखने को मिला।

कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई थी। दंडाधिकारी के रूप में राघोपुर प्रखंड के बीडीओ सतेंद्र कुमार यादव को तैनात किया गया था। वहीं अमित कुमार राय के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस के साथ-साथ जिला से अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। टीम में एक नाजीर सहित दो न्यायालय कर्मी भी शामिल थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिस जमीन पर कार्रवाई की जा रही थी, वहां करीब एक दर्जन महादलित परिवार वर्षों से रह रहे हैं और उनके कच्चे मकान बने हुए हैं। सिमराही निवासी मो अख्तर अली ने उक्त जमीन को अपनी पुश्तैनी संपत्ति बताते हुए दावा किया है। उनके अनुसार कुल तीन कट्ठा 13 धुर जमीन की जमाबंदी उनके नाम से दर्ज है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2007 में कुछ लोगों द्वारा उनकी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया गया था और 2011 में वहां अस्थायी मकान बना लिए गए। इसके बाद उन्होंने न्यायालय में टाइटिल सूट दायर किया, जिसमें जून 2018 में उनके पक्ष में फैसला सुनाते हुए अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया गया।फैसले के बावजूद जमीन खाली नहीं कराए जाने पर उन्होंने दखल दिहानी वाद दायर किया।

अब न्यायालय के निर्देश पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा रही है। बीडीओ सत्येंद्र कुमार यादव ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया जारी है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story