बोलबम के जयकारों से गूंजी सिल्क सिटी, विभिन्न गंगा घाटों से जल भरकर बासुकीनाथ रवाना हुए कांवरिया
भागलपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास के पवित्र अवसर पर पूरी सिल्क सिटी भागलपुर बोलबम और हर-हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान हो उठी है। रविवार को भागलपुर के विभिन्न गंगा घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं ने सुल्तानगंज के अजगैबीनाथ धाम, बरारी घाट और पुल घाट सहित विभिन्न गंगा घाटों पर पवित्र स्नान किया। घाटों पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगा पूजन कर कांवरियों ने अपनी-अपनी कांवरों में गंगाजल भरा और अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
भागलपुर के सभी प्रमुख मार्ग केसरिया रंग में रंगे नजर आ रहे हैं। बोलबम के नारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो चुका है। कांवरियों में युवाओं और महिलाओं के साथ-साथ बच्चों और बुजुर्गों का उत्साह भी देखते ही बन रहा है। सुल्तानगंज से बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) जाने वाले भक्तों के अलावा एक बड़ी संख्या उन कांवरियों की है, जो सीधे बासुकीनाथ धाम के प्रसिद्ध शिव मंदिरों और स्थानीय ज्येष्ठगौरनाथ मंदिर की ओर बढ़ रहे हैं। गंगा घाटों से पवित्र जल उठाने के बाद कांवरियों का जत्था पैदल और वाहनों के माध्यम से आगे बढ़ रहा है। श्रद्धालु दुमका स्थित प्रसिद्ध बाबा बासुकीनाथ धाम, गोड्डा के विभिन्न शिव मंदिरों और ऐतिहासिक ज्येष्ठगौरनाथ महादेव मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। कई श्रद्धालु सोमवार को होने वाले विशेष जलाभिषेक के लिए तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं, ताकि वे समय पर बाबा भोलेनाथ पर जल अर्पण कर सकें। कांवरियों की
सुविधा के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए हैं। इन शिविरों में कांवरियों के लिए शुद्ध पेयजल, नींबू-पानी, चिकित्सा सहायता और आराम करने की व्यवस्था की गई है। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। घाटों पर गोताखोरों की तैनाती की गई है और कांवरिया पथ पर पुलिस बल मुस्तैद है ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

