सिकरहना नदी में डूबने से बच्चे की हुई मौत

WhatsApp Channel Join Now
सिकरहना नदी में डूबने से बच्चे की हुई मौत


पूर्वी चंपारण,26 मार्च (हि.स.)। सुगौली प्रखंड क्षेत्र के उतरीं छपरा बहास पंचायत के कैथवलिया वार्ड संख्या 1 में एक 10 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई।

मृतक बच्चन सहनी के पुत्र मिलन कुमार है। बताया जाता है कि मिलन कुमार सिकरहना नदी के किनारे शौच के लिए गया था,इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।

आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया,जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की गई।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने थाना एवं प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया, जिन्होंने करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद नदी से बालक का शव बरामद किया।

शव बाहर निकालते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घटनास्थल पर राजस्व पदाधिकारी राधेश्याम प्रसाद, पूर्व मुखिया विनोद ठाकुर, पवन चौरसिया समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं सूचना मिलने पर स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

Share this story