सिकरहना के नये एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने संभाला पदभार

WhatsApp Channel Join Now
सिकरहना के नये एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने संभाला पदभार


पूर्वी चंपारण,20 मई (हि.स.)। जिले के सिकरहना अनुमंडल के नए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के रूप में अभिषेक कुमार ने पदभार ग्रहण किया।

पद संभालते ही उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय शराब तस्करी, साइबर क्राइम एवं अन्य संगठित अपराधी गिरोहों पर सख्त कार्रवाई का संकेत दिया है। लोगों एवं व्यवसायियों में बेहतर पुलिसिंग को लेकर नई उम्मीद जगी है।

विशेष बातचीत में एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि वे इससे पूर्व करीब एक वर्ष तक मोतिहारी में ट्रैफिक डीएसपी के पद पर कार्य कर चुके हैं। ऐसे में पूर्वी चंपारण जिला उनके लिए नया नहीं है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति,सीमावर्ती चुनौतियों और अपराध के तौर-तरीकों से वे भलीभांति परिचित हैं। पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर संबंध स्थापित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा तथा थाना स्तर पर पुलिसिंग को और प्रभावी बनाया जाएगा।

एसडीपीओ ने कहा कि खासकर घोड़ासहन सीमावर्ती क्षेत्रों में शराब तस्करी,साइबर फ्रॉड,नारकोटिकस तस्करी सिंडिकेट एवं संगठित अपराध में शामिल गिरोहों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा।

खासकर नेपाल सीमा से जुड़े इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। व्यवसायियों की सुरक्षा को भी अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा ताकि लोग भयमुक्त वातावरण में अपना व्यवसाय कर सकें।

युवा अधिकारी के रूप में अभिषेक कुमार के पदभार ग्रहण करने से लोगों को उम्मीद है कि सिकरहना अनुमंडल में अपराध नियंत्रण, बेहतर कानून व्यवस्था और जनसरोकार आधारित पुलिसिंग को नई दिशा मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

Share this story