गौ सम्मान आह्वान अभियान को लेकर हस्ताक्षर अभियान
अररिया 24 अप्रैल(हि.स.)। भारत में गौ हत्या पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने और गौ माता को राष्ट्रीय दर्जा की मांग को लेकर शुक्रवार को गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत नरपतगंज प्रखंड के बबुवान पंचायत में कैंप लगाकर गौ भक्तों के बीच हस्ताक्षर अभियान चलाया गया l
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे घूरना बजरंग दल के अरुण मुखिया ने कहा भारत के समस्त विद्वान संतों के सानिध्य एवं असीम कृपा से गौ माता को राष्ट्रीय दर्जा एवं गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने को लेकर पूरे देश भर में गौ माता के भक्तों के बीच जागरूकता अभियान चलाई जा रही है।आज लगभग तीन सौ लोगों ने गौ माता के समर्थन में हस्ताक्षर किया l
उन्होंने कहा अररिया जिला में 27 अप्रैल और 27 जुलाई को सम्मान दिवस मनाया जाएगा। जिसमें अररिया जिले से समस्त गौ प्रेमी अपने अनुमंडल अधिकारी को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम प्रार्थना पत्र सौंपेंगे।
अरुण मुखिया ने कहा कि गौ सम्मान आह्वान अभियान का मुख्य उद्देश्य है केंद्र सरकार और देश की सभी राज्य सरकारों से राष्ट्रीय और भारतीय संस्कृति के हित में संविधान के दायरे में रहकर अहिंसक तरीके से प्रार्थना कर गौ हत्या पर पूरे भारत में पूर्ण प्रतिबंध लगे।गौ हत्या पूर्ण रूप से समाप्त हो, गौ माता की सेवा हेतु केंद्रीय कानून लागू हो l
मौके पर बजरंग दल के अरुण मुखिया,अजय पासवान, सूरज शाह, संजू मुखिया, पप्पू मुखिया, रोहित पासवान, जितेंद्र पासवान सहित बड़ी संख्या में गौ भक्त मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

