बक्सर में श्रद्धा और भक्ति के साथ निकली श्री जगन्नाथ रथ यात्रा, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल
बक्सर, 18 जुलाई (हि.स.)। इस्कॉन मंदिर, पड़री (बक्सर) के तत्वावधान में आयोजित श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के भव्य रथ के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और जय जगन्नाथ के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
महोत्सव का शुभारंभ गंगापुत्र श्री त्रिदंडी स्वामी जी महाराज और बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद भगवान की महाआरती संपन्न हुई।
अपने संबोधन में त्रिदंडी स्वामी जी महाराज ने कहा कि श्री जगन्नाथ रथ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रेम, सेवा, समरसता और विश्व बंधुत्व का संदेश देने वाला महापर्व है, जो समाज को एकता और मानवता की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में इस्कॉन क्षेत्र प्रमुख कृष्ण कृपा दास, मंदिर प्रबंधक राजा गोविंद दास, स्वामी कन्हाई दास, भाजपा जिलाध्यक्ष भुवन सिंह, राजद जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह यादव, चैंबर ऑफ कॉमर्स के जिलाध्यक्ष सत्यदेव जी सहित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक क्षेत्रों के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन संयोजक डॉ. रमेश कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि रथ यात्रा भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक सद्भाव का जीवंत प्रतीक है।
रथ यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद, शीतल पेय और सेवा शिविर लगाए गए। गोयल धर्मशाला में महाप्रसाद वितरण के साथ महोत्सव का समापन हुआ। पूरे आयोजन में अनुशासन, भक्ति और जनसहभागिता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

