खतरे के निशान के ऊपर बह रही गंगा, फिर भी नहीं थमा कांवरियों का सैलाब

WhatsApp Channel Join Now
खतरे के निशान के ऊपर बह रही गंगा, फिर भी नहीं थमा कांवरियों का सैलाब


भागलपुर, 23 अगस्त (हि.स.)।

जिले के सुल्तानगंज में गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के कारण बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने लगी है।

वर्तमान में गंगा का पानी नई सीढ़ी घाट की सीढ़ियों तक पहुंच चुका है और नदी खतरे के निशान से करीब छः सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती इलाकों में चिंता जरूर है, लेकिन बाबा बैद्यनाथ के भक्तों के उत्साह और अटूट आस्था के आगे यह चुनौती भी बौनी साबित हो रही है।

इस विपरीत परिस्थिति में भी श्रद्धालुओं का सैलाब लगातार उमड़ रहा है। गंगा के लगातार बढ़ते जलस्तर को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गए हैं। किसी भी अप्रिय घटना को टालने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नई सीढ़ी घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। घाट पर बांस की मजबूत बैरिकेडिंग करने के साथ-साथ सुरक्षा जाल लगाए गए हैं।

इसके अलावा आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा नौकाओं और एसडीआरएफ की टीम को चौबीसों घंटे तैनात किया गया है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासनिक और एसडीआरएफ की कड़ी निगरानी के बीच श्रद्धालु पूरी सतर्कता के साथ सुरक्षित तरीके से गंगा स्नान कर रहे हैं। घाट पर सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए कांवरिए पवित्र गंगाजल भर रहे हैं। इसके बाद पूरी श्रद्धा और नियम-निष्ठा के साथ जल संकल्प लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हो रहे हैं।

चारों तरफ 'बम-बम भोले' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष से पूरा माहौल गुंजायमान है। स्थानीय प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी सूरत में बैरिकेडिंग को पार न करें। बाढ़ नियंत्रण विभाग और जिला प्रशासन की ओर से लगातार यह लाउडस्पीकर के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु केवल निर्धारित सुरक्षित स्थान पर ही स्नान करें और जारी की गई सुरक्षा व्यवस्था का पूरी तरह से पालन करें, ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित और सुखद हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story