डीएम ने किया सुल्तानगंज श्रावणी मेला क्षेत्र का निरीक्षण, व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
डीएम ने किया सुल्तानगंज श्रावणी मेला क्षेत्र का निरीक्षण, व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के दिए निर्देश


भागलपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के सफल एवं सुचारू संचालन तथा देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी द्वारा रविवार को सुल्तानगंज मेला क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रमुख स्थलों का भ्रमण कर मेला क्षेत्र में की गई प्रशासनिक तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में डीएम ने अजगैवीनाथ धाम, गंगा घाट, नमामि गंगे घाट और कांवरिया पथ सहित अन्य महत्वपूर्ण मेला क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने मौके पर श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं चिकित्सा सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। डीएम ने मौके पर मौजूद संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने मेला क्षेत्र में साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाए रखने, पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा घाटों एवं कांवरिया पथ पर आवश्यक सुविधाओं की नियमित निगरानी करने का कड़ा निर्देश दिया। सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर भी डीएम द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए तथा आवश्यकता के अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने कहा कि श्रावणी मेला में देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुल्तानगंज पहुंच रहे हैं। ऐसे में जिला प्रशासन का प्राथमिक उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मेला व्यवस्था को और बेहतर बनाने की बात कही। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story