एकचारी त्रिमुहान में देवदूत संघ का सेवा शिविर, 10 वर्षों से कांवड़ियों की निस्वार्थ सेवा बनी आस्था की मिसाल

WhatsApp Channel Join Now
एकचारी त्रिमुहान में देवदूत संघ का सेवा शिविर, 10 वर्षों से कांवड़ियों की निस्वार्थ सेवा बनी आस्था की मिसाल


भागलपुर, 06 अगस्त (हि.स.)।

सावन माह में शिवभक्ति की बह रही अविरल धारा के बीच भागलपुर के एकचारी के त्रिमुहान में देवदूत संघ द्वारा पिछले 10 वर्षों से लगातार कांवड़ियों की सेवा के लिए नि:शुल्क सेवा शिविर लगाया जा रहा है।

इस वर्ष भी संघ के सदस्यों ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ शिविर लगाकर शिवभक्तों की सेवा कर रहे हैं। उत्तरवाहिनी गंगा घाट, कहलगांव से पवित्र गंगाजल भरकर झारखंड के बाबा बासुकीनाथ धाम के लिए पैदल रवाना होने वाले कांवड़ियों को शिविर में सेब, चाय, शीतल पेयजल, शरबत, फ्रूटी सहित अन्य आवश्यक सामग्री नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।

कठिन पदयात्रा के दौरान यह सेवा शिविर कांवड़ियों के लिए राहत और ऊर्जा का केंद्र बना रहा। इधर, पड़ाव संघ कहलगांव के बैनर तले इस वर्ष 114वीं कांवड़ यात्रा निकाली गई है।

शिवभक्त कहलगांव से लगभग 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा तय कर झारखंड के बाबा बासुकीनाथ धाम पहुंचेंगे, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। देवदूत संघ की ओर से चौरासी यादव, सुनील चौधरी, मनोहर तांती, जितेंद्र यादव, अजय यादव, विभाष कुमार, कुलवीर सिंह यादव और शहबाज़ आलम मुन्ना सहित अन्य सदस्य पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ कांवड़ियों की सेवा में जुटे रहे। देवदूत संघ के संयोजक रविन्द्र यादव ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा करना हमारे लिए भगवान भोलेनाथ की सच्ची आराधना है।

पिछले 10 वर्षों से हम एकचारी त्रिमुहान में सेवा शिविर लगाकर बाबा के भक्तों की सेवा कर रहे हैं। हमारा प्रयास रहता है कि लंबी पदयात्रा के दौरान किसी भी शिवभक्त को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बाबा भोलेनाथ की कृपा से यह सेवा आगे भी निरंतर जारी रहेगी। सावन की पावन बेला में एकचारी त्रिमुहान पर लगा यह सेवा शिविर शिवभक्ति, सेवा और मानवता का सुंदर संगम बन गया है, जहां बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच कांवड़ियों की निस्वार्थ सेवा की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story