बोल बम के जयघोष से गूंजा सुल्तानगंज, पावन उत्तरवाहिनी गंगा तट से देवघर के लिए रवाना हुए लाखों कांवरिये

WhatsApp Channel Join Now
बोल बम के जयघोष से गूंजा सुल्तानगंज, पावन उत्तरवाहिनी गंगा तट से देवघर के लिए रवाना हुए लाखों कांवरिये


भागलपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास की शुरुआत के साथ ही आस्था का महापर्व पूरे शबाब पर है। बिहार के सुल्तानगंज स्थित पवित्र उत्तरवाहिनी गंगा तट पर देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे लाखों शिवभक्त गंगाजल भरकर बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना हो रहे हैं। बोल बम, हर-हर महादेव और बाबा नगरी चलो के गूंजते जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

केसरिया वस्त्रों में सजे शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बनता है और हर कदम पर शिवभक्ति की अनूठी छटा दिखाई दे रही है। गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कांवरियों की सुविधा के लिए प्रशासन और स्वयंसेवी संस्थाएं लगातार सेवा में जुटी हुई हैं। घाटों और कांवरिया पथ पर स्वच्छ पानी और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था कराई गई है। चौबीसों घंटे चिकित्सा सहायता और दवाइयों की उपलब्धता। भारी संख्या में पुलिस बल और सीसीटीवी से निगरानी और रात में रोशनी के पुख्ता इंतजाम और रुकने के लिए विश्राम गृह की व्यवस्था की गई है।

उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र जल भरने के बाद कांवरिये सुल्तानगंज से देवघर को जोड़ने वाले कच्ची कांवरिया पथ पर आगे बढ़ रहे हैं। इस दुर्गम रास्ते पर भी भक्तों की आस्था भारी पड़ रही है। शिवभक्त भक्ति गीत गाते, नाचते और झूमते हुए बाबा धाम की ओर निरंतर कदम बढ़ा रहे हैं। श्रद्धालुओं का दृढ़ विश्वास है कि सच्चे मन से बाबा बैद्यनाथ को गंगाजल अर्पित करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। श्रावण मास के साथ शुरू हुई यह पावन यात्रा आस्था, श्रद्धा और भक्ति का एक अद्भुत और विहंगम संगम प्रस्तुत कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story