सिटी एसपी ने सुल्तानगंज मेला क्षेत्र का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
सिटी एसपी ने सुल्तानगंज मेला क्षेत्र का किया निरीक्षण


भागलपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। जिले के सुल्तानगंज में विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेले के दौरान कांवरियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

सावन महीने के दूसरे दिन, शुक्रवार को भागलपुर के सिटी एसपी अतुलेश कुमार झा ने सुल्तानगंज मेला क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने देश-विदेश से आने वाले लाखों कांवरिया श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी ने सुल्तानगंज के विभिन्न घाटों, कांवरिया पथ, मुख्य नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) और चौक-चौराहों का दौरा किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।

सिटी एसपी ने कहा कि मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात प्रबंधन को दुरुस्त रखना बेहद जरूरी है, ताकि कांवरियों को पैदल चलने में कोई परेशानी न हो।

सिटी एसपी अतुलेश कुमार झा ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में और सुधार करने तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि कांवरियों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों और सादे लिबास में पुलिस बल की तैनाती को और मजबूत करने की बात कही गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story