श्रावणी मेला को लेकर मालदा मंडल की व्यापक तैयारियाँ

WhatsApp Channel Join Now
श्रावणी मेला को लेकर मालदा मंडल की व्यापक तैयारियाँ


भागलपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। जिले के सुल्तानगंज में श्रावणी मेला को लेकर पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने 30 जुलाई से 28 अगस्त तक सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियाँ की हैं। मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के निर्देशानुसार शाखा अधिकारियों के साथ आयोजित पूर्व तैयारी बैठक के उपरांत सभी विभागों द्वारा विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर समन्वित रूप से कार्य किया गया है।

मेले की अवधि में निर्बाध रेल परिचालन, प्रभावी भीड़ प्रबंधन, यात्री सुरक्षा तथा आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। व्यवस्थाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के लिए मालदा मंडल के अधिकारियों की प्रतिदिन सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर तैनाती की गई है। प्रदीप दास, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता को श्रावणी मेला का समन्वयक अधिकारी नामित किया गया है। यात्रियों की सुविधा में वृद्धि के उद्देश्य से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर नव-निर्मित 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज को 30 जुलाई से यात्रियों के उपयोग के लिए खोल दिया जाएगा। यह आधुनिक एवं विस्तृत एफओबी प्लेटफॉर्मों के बीच सुगम आवागमन, भीड़भाड़ में कमी तथा श्रद्धालुओं के त्वरित एवं सुरक्षित आवागमन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे मेला अवधि के दौरान भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधा में उल्लेखनीय सुधार होगा।

मेला प्रबंधन के लिए परिचालन, वाणिज्य, अभियंत्रण, विद्युत, यांत्रिक, सिग्नल एवं दूरसंचार, चिकित्सा तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बहु-विषयक टीम तैनात की गई है, जो यात्री सेवाओं एवं स्टेशन संचालन की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करेगी। मेला अवधि के दौरान सुरक्षा एवं संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। विभिन्न विभागों के मध्य प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के लिए मेला अवधि के दौरान बहु-विभागीय वार रूम चौबीसों घंटे कार्यरत रहेगा।

स्टेशन पर सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया है तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त कैमरे लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष सूचना पट्ट, ट्रेन समय-सारिणी बोर्ड, दिशासूचक संकेतक एवं अन्य यात्री सूचना प्रदर्शन बोर्ड भी स्थापित किए गए हैं।प्रभावी भीड़ प्रबंधन के लिए होल्डिंग एरिया, चिकित्सा शिविर, ‘मे आई हेल्प यू’ काउंटर, टिकट काउंटर तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ की गई हैं। वहीं मेला अवधि के दौरान मंडल के वरिष्ठ अधिकारी प्रतिदिन स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, टिकट व्यवस्था, रेल परिचालन, भीड़ नियंत्रण तथा सुरक्षा उपायों की समीक्षा करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story