श्रावणी मेले में सुरक्षा रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता: एसपी पूरण झा

WhatsApp Channel Join Now
श्रावणी मेले में सुरक्षा रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता: एसपी पूरण झा


सीवान, 29 जुलाई (हि.स.)। श्रावणी मेला 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय एवं पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा ने महेंद्रनाथ मंदिर परिसर, स्नान घाटों तथा पूरे मेला क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा की।

पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा ने कहा कि श्रावणी मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, सुव्यवस्थित कतार व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए फायर सेफ्टी, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र और कंट्रोल रूम को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।

एसपी ने बताया कि स्नान घाटों पर एसडीआरएफ टीम, नाविक दल और बोट एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।

यातायात व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि मेले के दौरान वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग स्थल और डायवर्जन रूट लागू किए जाएंगे। ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिया गया है कि श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि पूरे मेला क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों तथा सादे लिबास में पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी नेटवर्क के माध्यम से पूरे मेले की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

एसपी ने श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story