शादी रजिस्ट्रेशन में जागरूकता का असर, 35 से बढ़कर 93 पहुंचा आंकड़ा

WhatsApp Channel Join Now
शादी रजिस्ट्रेशन में जागरूकता का असर, 35 से बढ़कर 93 पहुंचा आंकड़ा


गोपालगंज, 02 अप्रैल (हि.स.)।जिला निबंधन कार्यालय में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान का सकारात्मक असर अब साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। शादी के निबंधन को लेकर पहले जहां लोगों में उदासीनता थी, वहीं अब धीरे-धीरे जागरूकता बढ़ रही है और आंकड़ों में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया जा रहा है।

आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2024 में महज 35 लोगों ने ही अपने विवाह का निबंधन कराया था। लेकिन जागरूकता अभियान के बाद वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 93 तक पहुंच गई। वहीं, वर्ष 2026 में 1 अप्रैल तक 28 लोगों द्वारा शादी का निबंधन कराया जा चुका है, जो इस दिशा में निरंतर बढ़ती जागरूकता का संकेत है। गुरुवार को भी जिला निबंधन कार्यालय में दो जोड़ों ने अपने विवाह का पंजीकरण कराया। इस अवसर पर अवर निबंधन पदाधिकारी काली आशीष ने दोनों नवदंपतियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी और विवाह निबंधन के महत्व के बारे में जानकारी दी।

अवर निबंधन पदाधिकारी ने बताया कि यह अभियान केवल नवविवाहित जोड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है जिनकी शादी वर्षों पहले हो चुकी है, लेकिन उन्होंने अब तक उसका आधिकारिक निबंधन नहीं कराया है। उन्होंने कहा कि चाहे शादी 50 साल पहले ही क्यों न हुई हो, उसका निबंधन कराना जरूरी है और इसके लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत कार्यालय के कर्मचारियों, स्टांप विक्रेताओं और डीड राइटरों से की गई है, ताकि वे खुद उदाहरण बनकर आम लोगों को प्रेरित कर सकें। इसका असर यह हुआ है कि अब लोग स्वेच्छा से आगे आकर अपने विवाह का निबंधन करा रहे हैं।

अधिकारियों के अनुसार, विवाह निबंधन का प्रमाण पत्र एक वैध और सर्वमान्य दस्तावेज होता है, जिसकी जरूरत कई सरकारी और कानूनी प्रक्रियाओं में पड़ती है। ऐसे में इसका महत्व और भी बढ़ जाता है। इस पहल को और मजबूती तब मिली जब जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने अपने पुत्र के विवाह का निबंधन कराकर जिलेवासियों के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया। प्रशासन का मानना है कि इससे आम लोगों में सकारात्मक संदेश गया है और वे भी इस दिशा में आगे आ रहे हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की है कि जिसका विवाह अभी तक पंजीकृत नहीं है, वे शीघ्र ही निबंधन कार्यालय पहुंचकर इसे पूरा कराएं। यह न केवल कानूनी रूप से जरूरी है, बल्कि भविष्य में किसी भी प्रकार की समस्या से बचने के लिए भी महत्वपूर्ण कदम है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Akhilanand Mishra

Share this story