जिला प्रशासन ने किया अंबेडकर जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
जिला प्रशासन ने किया अंबेडकर जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम


अररिया 14 अप्रैल(हि.स.)। जिला प्रशासन की ओर से भारत रत्न बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को किया गया।मौके पर डीएम सहित अन्य अधिकारियों ने माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने एवं शिक्षा को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

डीएम विनोद दूहन एवं एसपी जितेंद्र कुमार द्वारा अनुमंडल कार्यालय परिसर स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस अवसर पर मीडिया कर्मियों को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर हमारे देश के संविधान के शिल्पकार हैं। उनका जीवन संघर्ष, समर्पण और उपलब्धियां हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के वंचित, शोषित एवं कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए जो ऐतिहासिक कार्य किया, वह सदैव याद रखे जाएंगे। सामाजिक एकता, समानता और समरसता के लिए उनके प्रयासों ने देश को नई दिशा दी। उन्होंने आगे कहा कि हमें उनके बताए मार्ग पर चलने एवं शिक्षा को जीवन में अपनाने के लिए प्रतिबद्ध रहना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने भी बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को स्मरण किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story