बस स्टैंड के पास चलती बस में शॉर्ट सर्किट, धुआं निकलने से मची अफरा-तफरी

WhatsApp Channel Join Now
बस स्टैंड के पास चलती बस में शॉर्ट सर्किट, धुआं निकलने से मची अफरा-तफरी


किशनगंज, 01 जून (हि.स.)। शहर में रविवार रात एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब सिलीगुड़ी से बिहार आ रही एक यात्री बस में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। किशनगंज बस स्टैंड के समीप पहुंचते ही बस के इंजन से धुआं निकलने लगा, जिससे बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि चालक और बस कर्मियों की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी प्रकार की बड़ी जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार बस संख्या बीआर09पीए2316 सिलीगुड़ी से बिहार के विभिन्न जिलों के लिए रवाना हुई थी। बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे। रविवार रात जब बस किशनगंज बस स्टैंड के पास पहुंची, तभी इंजन के हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा। धुआं देखते ही यात्रियों में दहशत फैल गई और कई यात्री घबराकर जल्दबाजी में बस से उतरने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोक दिया। बस कर्मियों ने यात्रियों को शांत रहने की अपील करते हुए एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद बस में मौजूद अग्निशमन यंत्र और अन्य उपलब्ध साधनों की मदद से धुएं को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। एहतियातन बस को पूरी तरह बंद कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के दौरान कुछ समय के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। इसी दौरान जल्दबाजी में उतरते समय एक महिला यात्री को मामूली चोट लग गई। उन्हें उपचार के लिए किशनगंज सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति सामान्य बताई।

बस में सवार यात्री चिरंजीव और मिथिलेश ने बताया कि वे सिलीगुड़ी से बेगूसराय जा रहे थे। अचानक बस से धुआं निकलने के कारण यात्रियों में भय का माहौल बन गया था, लेकिन चालक और बस कर्मियों की सतर्कता के कारण सभी यात्री सुरक्षित बच गए। घटना के कारण यात्रियों को करीब एक घंटे तक सड़क किनारे इंतजार करना पड़ा। बाद में बस की तकनीकी जांच कराई गई तथा यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की प्रक्रिया शुरू की गई। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई बड़ी दुर्घटना या गंभीर नुकसान नहीं हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story