कजरैली में बक्सा दुकानदार को मारी गोली, हालत गंभीर
भागलपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। जिला अंतर्गत कजरैली थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने रविवार की अल सुबह एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। कजरैली थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुबह लगभग तीन बजे अज्ञात अपराधियों ने एक बक्सा दुकानदार को निशाना बनाते हुए उन्हें गोली मार दी। गोली लगने से दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घायल दुकानदार गौराडीह निवासी वासुदेव वर्मा के 38 वर्षीय पुत्र रंजीत वर्मा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि कजरैली थाना क्षेत्र में स्थित दुकान पर तड़के तीन बजे अपराधी पहुंचे। कयास लगाया जा रहा है कि अपराधी लूटपाट के इरादे से आए थे और विरोध करने पर उन्होंने दुकानदार पर फायरिंग कर दी। गोली सीधे दुकानदार को लगी और वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। गोली की आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर दौड़े। स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों की मदद से घायल दुकानदार को इलाज के लिए तुरंत मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुटी है।
स्थानीय व्यापारियों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही कजरैली थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और चश्मदीदों से पूछताछ करने में जुटी है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें दबोच लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

