टीवीएस के नाम पर नकली पार्ट्स बेचने का आरोप, दुकानदार पर प्राथमिकी

WhatsApp Channel Join Now
टीवीएस के नाम पर नकली पार्ट्स बेचने का आरोप, दुकानदार पर प्राथमिकी


किशनगंज, 23 अगस्त (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र में टीवीएस मोटर कंपनी के नाम पर कथित रूप से नकली पार्ट्स बेचने का मामला सामने आया है। मामले में कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि तन्मय घोष के आवेदन पर दुकान संचालक के विरुद्ध किशनगंज सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

प्राथमिकी के अनुसार, तन्मय घोष टीवीएस मोटर कंपनी की ओर से बाजार में बिक्री किए जा रहे पार्ट्स की जांच के लिए अधिकृत प्रतिनिधि हैं। 21 अगस्त को वह अपने सहयोगी के साथ किशनगंज थाना क्षेत्र की विभिन्न दुकानों का सर्वे कर रहे थे। इसी क्रम में कॉल्टेक्स चौक के समीप स्थित आलम टायर शॉप की जांच की गई। जांच के दौरान दुकान संचालक छोटू आलम अंसारी, निवासी बालू बस्ती तेघरिया, की दुकान से टीवीएस कंपनी के नाम से कथित नकली पार्ट्स मिलने का दावा किया गया। आवेदक के अनुसार, जांच के दौरान बरामद पार्ट्स की पहचान नकली के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस के सहयोग से सामान को जब्त कर विधिवत जब्ती सूची तैयार की गई। बताया गया कि दुकान संचालक से बरामद सामान के भंडारण एवं बिक्री से संबंधित वैध कागजात की मांग की गई, लेकिन उनके द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि ने इसे ट्रेडमार्क एवं कॉपीराइट कानून का उल्लंघन बताते हुए दुकान संचालक के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की मांग की। रविवार को सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story