मंदिर में तोड़फोड़ से फैला आक्रोश, शिवलिंग व प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त, एक संदिग्ध हिरासत में

WhatsApp Channel Join Now
मंदिर में तोड़फोड़ से फैला आक्रोश, शिवलिंग व प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त, एक संदिग्ध हिरासत में


सुपौल, 09 जून (हि.स.)। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के लालमनपट्टी गांव स्थित श्री दयालेश्वरनाथ महादेव मंदिर में सोमवार देर रात हुई तोड़फोड़ की घटना से क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है। अज्ञात असामाजिक तत्वों ने मंदिर में स्थापित शिवलिंग समेत अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया।

घटना की जानकारी मंगलवार सुबह तब हुई जब मंदिर के पुजारी नियमित पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। मंदिर के अंदर शिवलिंग और अन्य प्रतिमाओं को खंडित अवस्था में देखकर पुजारी ने इसकी सूचना ग्रामीणों और मंदिर समिति को दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में जुट गए और घटना के खिलाफ रोष व्यक्त करने लगे।

सूचना मिलने पर वीरपुर एसडीएम नीरज कुमार, एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार, रतनपुर थानाध्यक्ष पिंटू कुमार सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

ग्रामीणों के अनुसार घटना के बाद मंदिर के आसपास एक संदिग्ध व्यक्ति घूमता हुआ देखा गया था। जब लोगों ने उससे नाम और पता पूछा तो उसने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने उक्त व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि मंदिर समिति और कई ग्रामीणों का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति सामान्य प्रतीत नहीं होती। ऐसे में लोगों ने आशंका जताई है कि घटना के पीछे कोई सुनियोजित साजिश भी हो सकती है और वास्तविक अपराधियों ने जांच को भटकाने के लिए उसे वहां छोड़ दिया हो।

ग्रामीणों ने बताया कि करीब पांच महीने पहले भी इसी मंदिर में दानपेटी चोरी की घटना हुई थी। लगातार दूसरी बार मंदिर को निशाना बनाए जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।

मंदिर समिति के अध्यक्ष तारानंद झा, विवेकानंद झा, धर्मेंद्र झा, पूर्व मुखिया धर्मेंद्र पासवान, मुखिया सुरेंद्र पासवान, सरपंच दिनेश राम, उपमुखिया प्रमोद शाह सहित अन्य ग्रामीणों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह घटना धार्मिक आस्था पर सीधा प्रहार है।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि मंदिर के आसपास कोसी पूर्वी तटबंध पर दोनों ओर 45वीं वाहिनी एसएसबी के कैंप स्थित हैं तथा क्षेत्र में नियमित रात्रि गश्त भी होती है। इसके बावजूद इतनी बड़ी घटना का होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

इधर थानाध्यक्ष पिंटू कुमार ने बताया कि मंदिर समिति की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है तथा दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story