बाबूपुर घाट पर बंद है जहाज का परिचालन, यात्रियों को हो रही परेशानी

WhatsApp Channel Join Now
बाबूपुर घाट पर बंद है जहाज का परिचालन, यात्रियों को हो रही परेशानी


भागलपुर, 01 जून (हि.स.)। जिले के बाबूपुर गंगा घाट पर बीते 29 मई से जहाज सेवा बंद रहने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जहाज बंद होने को लेकर अलग-अलग कारण सामने आ रहे हैं।

जहाज के स्टाफ का कहना है कि तकनीकी खराबी के कारण जहाज का परिचालन फिलहाल संभव नहीं है और मरम्मत होने तक सेवा बहाल नहीं की जा सकती। वहीं, मौके पर मौजूद एक चालक ने आरोप लगाया कि जहाज को जानबूझकर बंद रखा गया है।

चालक का कहना है कि जहाज चलाने के लिए कहा गया था, लेकिन जहाज के स्टाफ ने संचालन से इनकार कर दिया। चालक के अनुसार, जहाज के स्टाफ सदस्य आनंद कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि जहाज नहीं चलेगा। उधर घाट पर मेडिकल टीम, एम्बुलेंस और पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उस समय मौके पर कोई मजिस्ट्रेट मौजूद नहीं था। जहाज सेवा बंद होने से नदी पार करने वाले स्थानीय लोगों, मरीजों और दैनिक यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर शीघ्र जहाज सेवा बहाल कराने की मांग की है। अब यह जांच का विषय है कि जहाज वास्तव में तकनीकी खराबी के कारण बंद है या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण है। स्थानीय लोगों की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story