दिव्यांगों के लिए सहारा बना विशेष शिविर,पंजीकरण के साथ योजनाओं से जुड़ाव बढ़ा

WhatsApp Channel Join Now
दिव्यांगों के लिए सहारा बना विशेष शिविर,पंजीकरण के साथ योजनाओं से जुड़ाव बढ़ा


बेतिया, 17 मार्च (हि.स.)। पश्चिम चंपारण लौरिया नगर पंचायत स्थित प्रखंड कार्यालय परिसर में सामाजिक कल्याण विभाग की ओर से आयोजित दिव्यांगता शिविर ने जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने का काम किया।

14 से 17 मार्च तक चले इस शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे और विभिन्न सुविधाओं के लिए अपना पंजीकरण कराया। अंतिम दिन तक करीब 40 लोगों ने यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड के लिए आवेदन किया, जबकि बैट्री चालित ट्राई साइकिल के लिए भी लगभग इतनी ही संख्या में आवेदन प्राप्त हुए।

शिविर में पुराने प्रमाण पत्रों की जांच कर उन्हें अद्यतन करने की प्रक्रिया अपनाई गई। जिन लोगों के पास अब तक वैध प्रमाण पत्र नहीं था, उन्हें मौके पर आवेदन करने का अवसर दिया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि सभी आवेदनों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और लाभुकों को जल्द योजनाओं का लाभ मिलेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं से सीधे जोड़ना और उनकी समस्याओं का समाधान करना है। जिन लोग किसी कारणवश शिविर में नहीं पहुंच सके, उनके लिए 8 अप्रैल को पुनः शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर के दौरान कार्यपालक सहायक शिखा राज, ऑपरेटर ब्रजेश कुमार, विकास मित्र अशोक कुमार, रमेश राम तथा असरफुल्लाह सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे और उन्होंने व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

Share this story