गणेश चतुर्थी व विश्वकर्मा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक

WhatsApp Channel Join Now
गणेश चतुर्थी व विश्वकर्मा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक


सुपौल, 13 सितंबर (हि.स.)। गणेश चतुर्थी एवं विश्वकर्मा पूजा को लेकर वीरपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूजा एवं विसर्जन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने पूजा समितियों और स्थानीय लोगों से पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की।

बैठक में बताया गया कि पूजा आयोजन के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति के पूजा या जुलूस आयोजित करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग, समय और प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइंस का पालन करने का निर्देश दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान हुड़दंग करने वाले एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर भी आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

पुलिस प्रशासन की ओर से बताया गया कि पूजा और विसर्जन के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। बैठक में पूजा समितियों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, स्थानीय गणमान्य लोग एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story