नवाचार, जनसहयोग और बालिका शिक्षा के लिए शहजाद अनवर राजा को राज्यस्तरीय शिक्षक सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
नवाचार, जनसहयोग और बालिका शिक्षा के लिए शहजाद अनवर राजा को राज्यस्तरीय शिक्षक सम्मान


किशनगंज, 05 सितंबर (हि.स.)। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, जनसहयोग, बालिका शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के लिए किशनगंज के शिक्षक शहजाद अनवर राजा को राज्यस्तरीय शिक्षक सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया।

पटना में आयोजित सम्मान समारोह में बिहार के शिक्षा मंत्री ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। शहजाद अनवर ने ग्रामीण विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई उल्लेखनीय पहल की हैं। जनसहयोग से विद्यालय में आईसीटी लैब, फिल्टरयुक्त पेयजल, बेंच-डेस्क एवं अतिरिक्त कक्षों की व्यवस्था कराई गई। उन्होंने विद्यालय को केवल पढ़ाई तक सीमित न रखते हुए उसे सामाजिक जागरूकता का केंद्र बनाने का प्रयास किया।

पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘मेरा जन्मदिन, मेरा पौधा’, जबकि बालिका शिक्षा एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए ‘मां-बेटी खुला संवाद’ जैसी पहल शुरू की गई। छात्राओं के लिए सैनिटरी नैपकिन की व्यवस्था तथा नशा मुक्ति अभियान के माध्यम से भी विद्यार्थियों और ग्रामीणों को जागरूक किया गया। विद्यालय में बच्चों के सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने के लिए टीएलएम आधारित शिक्षण, गतिविधियों और खेल-खेल में पढ़ाई पर विशेष जोर दिया गया। उनकी पहल का असर विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों में भी देखने को मिला।

विद्यालय के इतिहास में पहली बार 12 विद्यार्थियों का एनएमएमएसएस परीक्षा में शामिल होना महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। शिक्षा विभाग की ओर से उनके कार्यों के मूल्यांकन के बाद मिले इस सम्मान को शहजाद अनवर ने व्यक्तिगत उपलब्धि के बजाय सामूहिक प्रयास का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सहयोगी शिक्षकों, अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन समिति और ग्रामीण समुदाय के प्रयासों का परिणाम है। सम्मान से उन्हें ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने की नई ऊर्जा मिली है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story