बिहार में कानून का राज, भरत तिवारी मामले में न्यायिक जांच पर भरोसा रखें : शाहनवाज हुसैन
सीवान, 28 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने रविवार को सीवान में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बिहार में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में कानून का राज स्थापित है और एनडीए सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के सिद्धांत पर काम कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगातार बयानबाजी कर रहे हैं और सम्राट चौधरी को सॉफ्ट टारगेट बनाने की कोशिश की जा रही है। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि सम्राट चौधरी युवा नेता हैं और प्रतिदिन करीब 18 घंटे काम करते हुए बिहार के विकास तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में जुटे हैं।
उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी सहयोगी दल एकजुट होकर राज्य के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री की भाषा को लेकर प्रशांत किशोर की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि किसी नेता का मूल्यांकन उसकी अंग्रेजी से नहीं, बल्कि जनता के लिए किए गए कार्यों से होना चाहिए। केवल अच्छी अंग्रेजी बोलने वाला ही जननेता नहीं होता।
भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राज्य सरकार ने न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं और मामले की जांच हाईकोर्ट के एक न्यायाधीश की निगरानी में हो रही है। ऐसे में सभी पक्षों को जांच रिपोर्ट आने तक संयम रखना चाहिए और अनावश्यक बयानबाजी से बचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भरत तिवारी बिहार का बेटा था और उसके परिवार के प्रति उनकी गहरी संवेदना है। निष्पक्ष जांच के बाद निश्चित रूप से न्याय मिलेगा.उन्होंने कहा कि बिहार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और राज्य को अपराधमुक्त बनाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस की कार्रवाई पर उठ रहे सवालों के संबंध में उन्होंने कहा कि उन्होंने अपराध के आंकड़ों का अध्ययन नहीं किया है, इसलिए इस विषय पर कोई निष्कर्ष देना उचित नहीं होगा।
केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों पर शाहनवाज हुसैन ने कहा कि इसका निर्णय केवल प्रधानमंत्री के अधिकार क्षेत्र का विषय है। राष्ट्रीय प्रवक्ता होने के बावजूद उन्हें भी इस संबंध में कोई जानकारी नहीं होती। उन्होंने कहा कि समय आने पर ही आधिकारिक जानकारी सामने आएगी।
सीवान के विकास की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि शहर में तेजी से सड़क, फ्लाईओवर और अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण हो रहा है। उन्होंने सीवान के विधायक एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मंगल पांडेय की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष राहुल तिवारी, पूर्व जिला अध्यक्ष संजय कुमार पांडे, भाजपा नेता धनंजय सिंह, आदित्य पाठक सहित कई नेता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

