विधायक शिक्षा प्रतिनिधि के विद्यालय निरीक्षणों में सामने आईं कई कमियां
पश्चिम चम्पारण(बगहा), 8सितम्बर(हि.स.)। वाल्मीकिनगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद के शिक्षा प्रतिनिधि रमेश प्रसाद मिश्र ने वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों का व्यापक निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों में साफ-सफाई, मध्याह्न भोजन (एमडीएम), शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को लेकर प्रधानाध्यापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
मिश्र ने यूएमएस मंगलपुर, यूएमएस रामपुर, यूएचएस रामपुर, पीएस बाड़ी डोरीडीह, यूएमएस यमुनापुर, यूएमएस धीरौली, यूएचएस भेड़ाचौर, यूएमएस सिंगारी तथा पीएस हरका साधु कुटिया सहित दर्जनों विद्यालयों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कई विद्यालयों में चाहरदीवारी का अभाव पाया गया, जबकि कुछ विद्यालयों में भवन की स्थिति जर्जर होने के कारण बच्चों एवं शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर खतरे की स्थिति सामने आई। विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी उन्होंने जायजा लिया और संबंधित प्रधानाध्यापकों से विद्यालय की समस्याओं की जानकारी ली।
मिश्र ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य निर्माण की आधारशिला हैं। इसलिए विद्यालयों में स्वच्छ वातावरण, बेहतर शैक्षणिक माहौल और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आई भौतिक संरचना से जुड़ी समस्याओं को लेकर जल्द ही वाल्मीकिनगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा से मिलकर आवश्यक पहल की जाएगी, ताकि विद्यालयों के विकास एवं आधारभूत संरचना को मजबूत किया जा सके।
उन्होंने प्रधानाध्यापकों को स्पष्ट रूप से कहा कि विद्यालय की साफ-सफाई, शौचालय की व्यवस्था, एमडीएम की गुणवत्ता तथा बच्चों और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने और विद्यालय में अनुशासन एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने की अपील की।
विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं को लेकर शिक्षा प्रतिनिधि की सक्रियता से स्थानीय स्तर पर उम्मीद जगी है कि जर्जर भवन, चाहरदीवारी समेत अन्य आधारभूत समस्याओं के समाधान की दिशा में शीघ्र ठोस पहल होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

