बैठक में वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र की रेल सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण मांगें उठीं

WhatsApp Channel Join Now
बैठक में वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र की रेल सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण मांगें उठीं


बैठक में वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र की रेल सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण मांगें उठीं


पश्चिम चम्पारण (बगहा),19 जुलाई (हि.स. )। समस्तीपुर रेल मंडल के मंथन सभागार में आयोजित रेलवे उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (DRUCC) की बैठक में वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के रेल यात्रियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। समिति के सदस्य राकेश सिंह ने मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) रवि प्रकाश मिश्रा के समक्ष क्षेत्र की रेल सेवाओं में सुधार और यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार से संबंधित कई महत्वपूर्ण सुझाव एवं मांगें प्रस्तुत कीं।

बैठक में डीआरएम रवि प्रकाश मिश्रा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) सन्नी सिन्हा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनन्या स्मृति, मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा डीआरयूसीसी के सदस्य उपस्थित रहें।राकेश सिंह ने बताया कि वाल्मीकिनगर लोकसभा सांसद सुनील कुमार द्वारा पूर्व में विभिन्न रेल मंचों पर उठाए गए रेल संबंधी मुद्दों की ओर भी उन्होंने डीआरएम का लिखित रूप से ध्यान आकृष्ट कराया।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित इन मांगों के पूरा होने से पश्चिम चंपारण सहित पूरे बाल्मीकिनगर संसदीय क्षेत्र के लाखों रेल यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।बैठक में उन्होंने वाल्मीकिनगर रोड–नरकटियागंज मार्ग से बेतिया के लिए सुबह नई पैसेंजर ट्रेन तथा गोरखपुर–सुगौली पैसेंजर सेवा शुरू करने की मांग की। इसके अलावा बगहा रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य में तेजी लाने, बगहा, रामनगर सहित सभी स्टेशनों पर स्वच्छ एवं पर्याप्त शौचालय उपलब्ध कराने तथा गोरखपुर–पटना के बीच रात्रिकालीन नमो भारत ट्रेन चलाने का प्रस्ताव भी रखा।उन्होंने कहा कि बगहा रेलवे समपार संख्या-50 को वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना बंद नहीं किया जाना चाहिए। साथ ही राप्ती गंगा एक्सप्रेस (15001/15002) को सप्ताह में तीन दिन नरकटियागंज मार्ग से संचालित करने की मांग की गई।

राकेश सिंह ने नरकटियागंज जंक्शन पर प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच बने चौड़े गैप को यात्रियों की सुरक्षा के लिए तत्काल दुरुस्त करने, हरिनगर स्टेशन पर गरीब रथ एक्सप्रेस तथा भैरोगंज स्टेशन पर अवध एक्सप्रेस के ठहराव की व्यवस्था करने का आग्रह किया। उन्होंने नरकटियागंज–दानापुर मेमू ट्रेन को सप्ताह में तीन दिन सिकटा–घोड़ासहन मार्ग से चलाने तथा बाल्मीकिनगर स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या-2 का निर्माण कराने की भी मांग रखी।

इसके अतिरिक्त कटरा एक्सप्रेस (15655/15656) का बगहा स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने, स्टेशन की पार्किंग व्यवस्था में सुधार, खरपोखरा स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव, सभी स्टेशनों पर मोबाइल चार्जिंग स्लॉट, अतिरिक्त यात्री शेड, बैठने के लिए बेंच और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करने की मांग की गई।उन्होंने तत्काल टिकट व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाने, अवसानी हॉल्ट पर प्लेटफॉर्म का ऊंचीकरण एवं मूलभूत सुविधाओं की बहाली, बगहा स्टेशन पर नई पानी टंकी के निर्माण तथा नरकटियागंज वाशिंग पिट निर्माण कार्य में तेजी लाने की आवश्यकता भी बताई।

बैठक के अंत में राकेश सिंह ने कहा कि सांसद सुनील कुमार द्वारा लगातार उठाए जा रहे रेल विकास से जुड़े लंबित प्रस्तावों पर रेलवे प्रशासन गंभीरता से विचार करे। उन्होंने विश्वास जताया कि इन मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई होने से पश्चिम चंपारण एवं वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के रेल यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक रेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

Share this story