जूनियर महिला फुटबॉल टीम में रानी लक्ष्मी बाई स्पोर्ट्स एकेडमी की सात खिलाड़ियों का चयन

WhatsApp Channel Join Now
जूनियर महिला फुटबॉल टीम में रानी लक्ष्मी बाई स्पोर्ट्स एकेडमी की सात खिलाड़ियों का चयन


सीवान, 07 सितंबर (हि.स.)।

ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन के तत्वावधान में आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में 10 से 25 सितंबर तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय जूनियर महिला फुटबॉल चैम्पियनशिप के लिए बिहार की 20 सदस्यीय टीम घोषित कर दी गयी है।

टीम में मैरवा की रानी लक्ष्मी बाई स्पोर्ट्स एकेडमी की सात खिलाड़ियों का चयन हुआ है। एक साथ सात खिलाड़ियों के बिहार टीम में चयन से एकेडमी में खुशी का माहौल है।

रानी लक्ष्मी बाई स्पोर्ट्स एकेडमी के संस्थापक सह निदेशक संजय पाठक ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों का चयन बरौनी फ्लैग खेल मैदान में आयोजित 10 दिवसीय चयन सह प्रशिक्षण शिविर में उनके बेहतर प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।

यह प्रशिक्षण शिविर 27 अगस्त से 5 सितंबर तक आयोजित हुआ था, जिसमें बिहार की 40 महिला फुटबॉल खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। उन्होंने बताया कि रानी लक्ष्मी बाई स्पोर्ट्स एकेडमी से बिहार टीम में चयनित खिलाड़ियों में पिंकी कुमारी, रौशनी कुमारी, सबिता कुमारी, रंजना कुमारी, पारो कुमारी, अंजलि कुमारी एवं अंशु कुमारी शामिल हैं।

अब ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बिहार की ओर से मैदान में उतरेंगी। एकेडमी की सात खिलाड़ियों के बिहार टीम में चयन पर आईएमए, सीवान के अध्यक्ष डॉ. शशिभूषण सिन्हा, सचिव डॉ. शरद चौधरी, डॉ. रीता सिन्हा, डॉ. संगीता चौधरी, डॉ. राम एकबाल प्रसाद गुप्ता, डॉ. सत्य प्रकाश, डॉ. रामजी चौधरी, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. अलख निरंजन पांडेय, निदेशक राजीव लोचन मिश्रा सहित कई लोगों ने बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story