सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर मंत्री नीतीश मिश्रा ने पीएम मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल पर डाला प्रकाश

WhatsApp Channel Join Now
सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर मंत्री नीतीश मिश्रा ने पीएम मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल पर डाला प्रकाश


भागलपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों के सेवा और समर्पण को लेकर भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में भागलपुर के सर्किट हाउस स्थित न्यू बिल्डिंग में बिहार सरकार के नगर विकास मंत्री सह भागलपुर जिला प्रभारी नीतीश मिश्रा ने सोमवार को एक पत्रकार वार्ता को संबोधित किया।

इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के राजनीतिक और प्रशासनिक कार्यकाल का उल्लेख करते हुए उनके योगदान को देश के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

पत्रकार वार्ता में मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में देश की सेवा, सुशासन और विकास को सर्वोपरि प्राथमिकता दी है। उनके कुशल नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी एक नई और विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का एकमात्र संकल्प भारत को विकासशील राष्ट्र से विकसित राष्ट्र की श्रेणी में खड़ा करना है, और इस लक्ष्य को हासिल करने में उनकी भूमिका सबसे अहम है।

मंत्री ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को विशेष रूप से मनाया जाएगा। साथ ही, उनके सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक 'सेवा संकल्प अभियान' चलाया जाएगा। इस एक महीने लंबे अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री के विचारों, जनहित के कार्यों और देश के प्रति उनके योगदान को जनता के बीच ले जाया जाएगा।

नीतीश मिश्रा ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन राष्ट्रसेवा, अनुशासन और समर्पण का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। उनके नेतृत्व में देश के बुनियादी ढांचे, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक सुधारों को अभूतपूर्व गति मिली है।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और आम लोगों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदार बनने की अपील करते हुए कहा कि इसे केवल एक उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि राष्ट्रनिर्माण के संकल्प के रूप में मनाया जाना चाहिए।

भाजपा कार्यकर्ता इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

पत्रकार वार्ता के अवसर पर भागलपुर के विधायक रोहित पांडे, जिला अध्यक्ष संतोष शाह सहित पार्टी के दर्जनों वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story