सेवा संकल्प अभियान के तहत सांसद ने लिया नया अररिया बनाने का संकल्प
अररिया 26 सितम्बर(हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने शनिवार को जयप्रकाश नगर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में आयोजित चित्रकला कार्यक्रम में भाग लिया। बच्चों द्वारा चित्रों के माध्यम से विकसित, समृद्ध, स्वच्छ एवं आत्मनिर्भर भारत की प्रस्तुत कल्पनाओं को देखकर सांसद ने बच्चों की रचनात्मकता की सराहना की।
सांसद ने कहा कि आज के बच्चों की कल्पना ही कल के भारत की तस्वीर गढ़ेगी। बच्चों को अपनी प्रतिभा और सपनों को अभिव्यक्त करने का अवसर देना विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार करना है। उन्होंने कहा कि जब बच्चों की कल्पना को अवसर और सपनों को पंख मिलेंगे, तब विकसित भारत के संकल्प को नई गति मिलेगी।
इसी क्रम में विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत हरित अररिया का संकल्प लिया गया। सांसद ने कहा कि पौधे लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण का कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ, सुरक्षित और बेहतर भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।
वहीं दीनदयाल नगर स्थित मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान में सहभागी बनकर सांसद ने स्वच्छ एवं सुंदर अररिया के निर्माण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, जिम्मेदारी और संस्कार का हिस्सा है। सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।
उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि स्वच्छ अररिया हरित अररिया और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी भूमिका निभाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

