महिलाओं और सेविका सहायिकाओं को अंग वस्त्र देकर किया गया सम्मानित
अररिया, 29 सितम्बर(हि.स.)। भाजपा की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को फारबिसगंज के ट्रेनिंग स्कूल चौक में आंगन का मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष चांदनी सिंह ने की। कार्यक्रम में नरपतगंज विधायक देवयंती देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी सेविका, पोषण सखी, सहिया दीदियों के साथ स्थानीय महिलाओं एवं बुजुर्गों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने सेवा, सम्मान और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
मौके पर नरपतगंज विधायक देवयंती देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता से जुड़ा रहा है। केंद्र सरकार देश के विकास, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा विकसित भारत के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रही है।
वहीं मुख्य पार्षद वीणा देवी ने कहा कि बच्चों के पोषण, आंगनबाड़ी सेविकाओं के सम्मान तथा उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और उनके भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का कार्य किया जा रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा एवं जोगबनी नगर परिषद की मुख्य पार्षद रानी देवी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, सशक्तीकरण और बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका एवं आशा कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष चांदनी सिंह ने कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहायिकाएं और आशा बहनें बच्चों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनके माध्यम से सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाएं धरातल तक पहुंचती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पोषण और बाल विकास से जुड़े कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा हैउन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्मान और अवसर देकर ही समाज को सशक्त बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं कार्यकर्ताओं ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं, आंगनबाड़ी कर्मी एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

