मनिहारी गंगा घाट पर चला स्वच्छता व पौधरोपण अभियान, लोगों ने लिया निर्मल गंगा का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
मनिहारी गंगा घाट पर चला स्वच्छता व पौधरोपण अभियान, लोगों ने लिया निर्मल गंगा का संकल्प


कटिहार, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मनिहारी गंगा घाट पर मंगलवार को जिला गंगा समिति, कटिहार एवं नगर पंचायत, मनिहारी के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता जागरूकता एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय दुकानदारों और श्रद्धालुओं को गंगा नदी की निर्मलता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान गंगा घाट के आसपास दुकान लगाने वाले व्यवसायियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने और कचरे के उचित निस्तारण के निर्देश दिए गए। घाट पर आने वाले लोगों को भी नदी में अपशिष्ट न फेंकने तथा घाट परिसर को सदैव स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके साथ ही घाट के समीप हरित क्षेत्र विकसित करने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से विभिन्न प्रकार के पौधे भी रोपे गए।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने गंगा घाटों को साफ-सुथरा रखने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया। उल्लेखनीय है कि यह आयोजन 17 सितंबर से 16 अक्टूबर 2026 तक संचालित 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आयोजित किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760017 Articles

Share this story