पीएम मोदी के 25 वर्षों के सेवा-समर्पण पर भाजपा चलाएगी ‘सेवा संकल्प अभियान’
कटिहार, 03 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी, कटिहार की ओर से जिला कार्यालय में “सेवा संकल्प अभियान” के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष मनोज राय की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले महीने भर के जनसेवा कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई और कार्यकर्ताओं से 'सेवा ही संगठन' के भाव के साथ जमीन पर उतरने का आह्वान किया गया।
कार्यशाला के मुख्य अतिथि बिहार भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रणव यादव ने कहा कि यह अभियान केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा को संस्कार और जनकल्याण को संकल्प मानकर कार्य करने की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि संगठन से लेकर शासन तक विगत 25 वर्षों में नरेंद्र मोदी ने अपना प्रत्येक क्षण राष्ट्रसेवा और अंत्योदय को समर्पित किया है। गरीब, किसान, युवा, महिला व वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के प्रयासों ने देश को विकसित भारत की दिशा में मजबूती दी है।
जिलाध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के तहत पार्टी कार्यकर्ता समाज के बीच पहुंचेंगे। अभियान के दौरान स्वच्छता, जनजागरूकता, सामाजिक सहभागिता और जनसंपर्क के जरिए हर पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा।
इससे पूर्व कार्यशाला का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और 'वंदे मातरम' के गायन के साथ किया गया।
इस अवसर पर जिला प्रभारी प्रफुल्ल रंजन वर्मा, प्राणपुर विधायक सह महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष निशा सिंह, प्रदेश मंत्री सीमा झा, कोढ़ा विधायक कविता पासवान, जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह, पूर्व सांसद निखिल कुमार चौधरी, जिला महामंत्री रामनाथ पांडे, गोविंदा अधिकारी, सौरभ कुमार मालाकार सहित सभी विधानसभा प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष व टोली के सदस्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

