फर्जी प्रोस्पेक्टस छपवाकर जूनियर्स पर थोपा ड्रेस कोड, जेएलएनएमसीएच में रैगिंग के आरोप में 3 सीनियर छात्र निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
फर्जी प्रोस्पेक्टस छपवाकर जूनियर्स पर थोपा ड्रेस कोड, जेएलएनएमसीएच में रैगिंग के आरोप में 3 सीनियर छात्र निलंबित


भागलपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। जिले के सबसे बड़े चिकित्सा संस्थान जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रैगिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नेशनल मेडिकल कमीशन में हुई शिकायत और कॉलेज की एंटी-रैगिंग कमेटी की जांच में हुए चौंकाने वाले खुलासे के बाद कॉलेज प्रबंधन ने सख्त रुख अपनाया है।

प्राचार्य डॉ. संदीप लाल ने आपात बैठक बुलाकर रैगिंग के दोषी पाए गए एमबीबीएस के तीन सीनियर छात्रों हर्ष कुमार, कुमार शिवम और कुश को तत्काल प्रभाव से 6 महीने के लिए निलंबित कर दिया है। इसके अलावा तीन अन्य संदिग्ध छात्रों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जांच में यह बात सामने आई है कि सीनियर छात्रों के एक गुट ने एमबीबीएस 2026-27 बैच के नवप्रवेशी छात्रों को मानसिक दबाव में रखने के लिए कॉलेज प्रशासन के आदेश जैसा दिखने वाला एक फर्जी प्रोस्पेक्टस तैयार करवा लिया था। इस फर्जी पुस्तिका पर बाकायदा कॉलेज की तस्वीर के साथ-साथ प्राचार्य और अधीक्षक के नाम का भी दुरुपयोग किया गया था। इसके जरिए जूनियर छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग सख्त ड्रेस कोड और बाल रखने तक के नियम तय किए गए थे, ताकि नए छात्र इसे कॉलेज का आधिकारिक फरमान समझें।

सीनियर छात्र एमबीबीएस 2026 बैच के जूनियरों को छात्रावास के बजाय परिसर से दूर मंडल कोठी मैदान में बुलाते थे। वहां अलग-अलग जगहों पर करीब 4 घंटे तक खड़ा रखकर उनके साथ आपत्तिजनक हरकतें और रैगिंग की जाती थी। जब प्रताड़ना बढ़ी, तो पीड़ित छात्रों ने इसकी शिकायत सीधे नेशनल मेडिकल कमीशन के एंटी-रैगिंग सेल में कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राचार्य डॉ. संदीप लाल ने मीडिया के सामने उस फर्जी प्रोस्पेक्टस को दिखाते हुए स्पष्ट किया कि कॉलेज प्रशासन की ओर से ऐसी कोई नियमावली या ड्रेस कोड जारी नहीं किया जाता है। उन्होंने कहा, कुछ सीनियर छात्रों ने वर्षों से इसे एक गलत परंपरा बना लिया था कि एडमिशन के बाद जूनियरों को यह फर्जी नियमावली बांटकर डराया जाए। जांच और व्हाट्सएप स्क्रीनशॉट जैसे साक्ष्यों के आधार पर तीन छात्रों को 6 माह के लिए निलंबित किया गया है। फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले अज्ञात छात्रों के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है, ताकि इसकी जड़ तक पहुंचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785226 Articles

Share this story