भाकपा-माले के वरिष्ठ नेता कॉमरेड स्वदेश भट्टाचार्य का निधन, वामपंथी आंदोलन में शोक की लहर

WhatsApp Channel Join Now
भाकपा-माले के वरिष्ठ नेता कॉमरेड स्वदेश भट्टाचार्य का निधन, वामपंथी आंदोलन में शोक की लहर


भागलपुर, 01 नवंबर (हि.स.)।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) यानी भाकपा-माले के वरिष्ठ नेता और पोलित ब्यूरो सदस्य कॉमरेड स्वदेश भट्टाचार्य का निधन हो गया है।

उन्होंने शुक्रवार, 30 अक्टूबर की रात पटना के रूबन मेमोरियल अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। वे पार्टी के केंद्रीय संगठन विभाग के प्रभारी और पुनर्गठित पार्टी के संस्थापकों में से एक थे। उनके निधन की खबर मिलते ही समूचे वामपंथी आंदोलन और पार्टी कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है।

भाकपा-माले के राज्य स्थायी कमिटी सदस्य और भागलपुर–बांका जोन के प्रभारी कॉमरेड मुकेश मुक्त ने गहरी और भावभीनी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि कॉमरेड स्वदेश भट्टाचार्य का पार्टी कतारों में बेहद सम्मान था। उन्होंने अपना पूरा जीवन शोषितों, वंचितों और जनता के अधिकारों की रक्षा के संघर्ष में समर्पित कर दिया।

उनका जाना संपूर्ण वाम-जनवादी आंदोलन के लिए एक अपूरणीय क्षति है। पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के आज कॉमरेड स्वदेश भट्टाचार्य का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए पटना के वीरचंद पटेल पथ स्थित न्यू एमएलए फ्लैट (213, काराकाट) में रखा जाएगा। जहाँ पार्टी नेता, कार्यकर्ता और आम लोग उनके अंतिम दर्शन कर श्रद्धासुमन अर्पित कर सकेंगे। इसके अगले दिन, सोमवार 2 नवंबर को दोपहर 12 बजे उनकी अंतिम यात्रा निकाली जाएगी और पटना में ही उन्हें अंतिम संस्कार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770365 Articles

Share this story