विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर भाजपा ने किया संगोष्ठी का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर भाजपा ने किया संगोष्ठी का आयोजन


सारण, 14 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सारण के तत्वाधान में आज फोरलेन स्थित अटल सभागार भाजपा जिला कार्यालय में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रणजीत कुमार सिंह ने की।

इसका विधिवत उद्घाटन भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह, छपरा विधायक डॉ छोटी कुमारी, जिलाध्यक्ष तथा पूर्व जिलाध्यक्षों रामदयाल शर्मा, वेद प्रकाश उपाध्याय व अशोक कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

संबोधित करते हुए सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह ने कहा कि 1947 के विभाजन के दौरान लाखों लोगों द्वारा सहे गए अकल्पनीय दर्द, संघर्ष और बलिदान की याद में यह दिवस मनाया जाता है। यह हमें देश की एकता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत रखने का संदेश देता है।

छपरा विधायक छोटी कुमारी ने कहा कि इस अवसर पर 1947 की हिंसा और विस्थापन में जान गंवाने वाले तथा प्रभावित हर व्यक्ति के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की जाती है। वहीं जिलाध्यक्ष रणजीत कुमार सिंह ने समाज से नफरत और विभाजनकारी ताकतों को समाप्त कर आपसी भाईचारा व अखंडता बनाए रखने का आह्वान किया।

संगोष्ठी के उपरांत कार्यकर्ताओं ने एक मौन जुलूस निकाला। कार्यक्रम का सफल संचालन पूर्व एमएलसी प्रत्याशी डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. सी.एन. गुप्ता और जिला प्रवक्ता अधिवक्ता प्रकाश रंजन नीकू समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story