सांख्यिकी दिवस पर संगोष्ठी आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
सांख्यिकी दिवस पर संगोष्ठी आयोजित


भागलपुर, 29 जून (हि.स.)। भारत सरकार के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय उपक्षेत्रीय कार्यालय भागलपुर द्वारा सोमवार को 20वीं सांख्यिकी दिवस के अवसर पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य सांख्यिकी के महत्व तथा प्रशासनिक आँकड़ों के प्रभावी उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

कार्यक्रम में कार्यालय के प्रभारी वरिष्ठ सांख्यिकीय अधिकारी रंजीत कुमार ने अपने स्वागत उद्बोधन में सांख्यिकी दिवस के महत्व एवं विश्वसनीय आँकड़ों की भूमिका पर प्रकाश डाला।

इसके उपरांत वरिष्ठ सांख्यिकीय अधिकारी संजय कुमार मिश्र, पवन कुमार तथा रौशन कुमार ने क्रमशः सांख्यिकी की आवश्यकता, रोजगार सृजन में सांख्यिकी की भूमिका तथा प्रशासनिक एवं सामाजिक विकास में आँकड़ों के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

मुख्य अतिथि डॉ. विजय कुमार विभागाध्यक्ष सांख्यिकी विभाग मारवाड़ी महाविद्यालय ने प्रशासनिक डेटा की क्षमता को अनलॉक करने के विषय पर विस्तृत व्याख्यान देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण एवं विश्वसनीय प्रशासनिक आँकड़े साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण, सुशासन, पारदर्शिता तथा सतत विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

कार्यक्रम में मुंगेर आईटीसी के फाइनेंस मैनेजर निखिल हरि ने भी अपने संबोधन में वित्तीय प्रबंधन, डेटा-आधारित निर्णय प्रक्रिया तथा सांख्यिकी की व्यावहारिक उपयोगिता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का संचालन पुरुषोत्तम कुमार पांडेय ने किया। अंत में वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी पवन कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story