अशोक सिंघल की जन्मशताब्दी पर दिगंबर जैन भवन में विचार गोष्ठी
किशनगंज, 04 अक्टूबर (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को शहर स्थित दिगंबर जैन भवन में विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक सिंघल की जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विहिप के केंद्रीय मंत्री अरुण कुमार सहित अन्य गणमान्य लोगों ने दीप प्रज्जवलित कर किया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता विहिप के केंद्रीय मंत्री अरुण कुमार ने कहा कि अशोक सिंघल ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र, धर्म और समाज की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि सिंघल के प्रयासों और नेतृत्व से हिंदू समाज में जागरूकता एवं आत्मविश्वास का संचार हुआ। उनके विचार, आदर्श और जीवन मूल्य आज भी समाजसेवा के लिए प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि अशोक सिंघल का जीवन राष्ट्र एवं समाज के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उनके कार्यों और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर समाजहित में कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर विहिप के प्रांत मंत्री राणा रणधीर सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने अशोक सिंघल के सामाजिक एवं धार्मिक योगदान को स्मरण करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही। कार्यक्रम में संगठन की गतिविधियों और समाज के प्रति दायित्वों पर भी चर्चा की गई। गोष्ठी में विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष मनोज गट्टानी, सुनील तिवारी सहित विहिप एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान अशोक सिंघल के जीवन एवं उनके योगदान को याद करते हुए उनके विचारों को समाज तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

