जिला समन्वय समिति की बैठक में स्वगणना 01 मई तक पूर्ण करने के सख्त निर्देश
कटिहार, 27 अप्रैल (हि.स.)। एनआईसी सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में स्वगणना, भूमि उपलब्धता एवं विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को 1 मई 2026 तक स्वगणना कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर नागरिकों को स्वगणना के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि 2 मई से प्रस्तावित मकान सूचीकरण का कार्य बाधारहित हो सके।
शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जीविका विभाग के पदाधिकारियों को अपने अधीनस्थ सभी कर्मचारियों की स्वगणना कराकर रिपोर्ट जिला मुख्यालय को भेजने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पीपीटी के माध्यम से पीएचईडी, सहकारिता विभाग, कला एवं संस्कृति विभाग, शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेल, परिवहन, मद्य निषेध, नगर निगम, श्रम संसाधन, पथ निर्माण, ग्रामीण पथ प्रमंडल, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण सहित अन्य विभागों की गतिविधियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बढ़ाकर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अंचलाधिकारियों से संवाद कर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, खेल मैदान, पानी की टंकी, पंचायत भवन एवं आंगनबाड़ी केंद्र के लिए आवंटित भूमि की स्थिति की समीक्षा की गई। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भूमि उपलब्ध कराने व एन.ओ.सी. प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर सभी लंबित निर्माण कार्य अविलंब शुरू किए जाएं।
बैठक में अपर समाहर्ता कटिहार, जिला स्तरीय समन्वय समिति के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

